**आईएएस मधु रानी तेवतिया को सीएम रेखा गुप्ता का सचिव नियुक्त किया गया**
आईएएस मधु रानी तेवतिया को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही अन्य आईएएस अधिकारियों की भी विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की गई हैं। आईएएस संदीप कुमार सिंह और आईएएस रवि झा को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। आईएएस अजीमुल हक को दिल्ली वक्फ बोर्ड का सीईओ बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, आईएएस सचिन राणा को अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है, और उन्हें दिल्ली जल बोर्ड के सदस्य का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने कार्यकाल की शुरुआत में पूर्व सीएम के स्टाफ को हटा दिया था, जिसके बाद नए अधिकारियों की नियुक्तियां की जा रही हैं।
**मोहन बिष्ट बने डिप्टी स्पीकर**
दिल्ली विधानसभा में मुस्तफाबाद विधानसभा सीट से विधायक मोहन सिंह बिष्ट को डिप्टी स्पीकर चुना गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने समर्थन दिया। दिल्ली विधानसभा में स्पीकर की भूमिका वरिष्ठ नेता विजेंद्र गुप्ता निभा रहे हैं। मोहन सिंह बिष्ट दिल्ली की राजनीति में एक अनुभवी नेता माने जाते हैं, जिन्होंने करावल नगर विधानसभा सीट से कई बार चुनाव जीते हैं। इस बार उन्होंने मुस्तफाबाद सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया, जहां उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) के आदिल अहमद खान को 17,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया।
**करावल नगर से विधायक मोहन बिष्ट**
मोहन सिंह बिष्ट ने पहली बार 1998 में करावल नगर सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने और 2015 तक इस सीट पर बने रहे। हालांकि, 2015 में उन्हें कपिल मिश्रा के हाथों हार का सामना करना पड़ा, जो उस समय आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार थे। बाद में कपिल मिश्रा बीजेपी में शामिल हो गए। मोहन बिष्ट ने 2020 में करावल नगर सीट से फिर से जीत हासिल की, और 2025 के चुनाव में उन्हें मुस्तफाबाद से टिकट मिला, जहां उन्होंने सफलता प्राप्त की। इस बार बीजेपी ने कपिल मिश्रा को करावल नगर से उम्मीदवार बनाया, जिन्होंने यहां बड़े अंतर से जीत दर्ज की और रेखा गुप्ता की सरकार में मंत्री बने।